सीआईए वन ने गांव पसीना रोड के पास से दो मादक पदार्थ के तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10 किलोग्राम गांजा मिला है। आरोपी मादक पदार्थ को हिमाचल से 40 हजार रुपये में खरीदकर लाए थे। पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों से रिमांड के दौरान ये पता लगाया जाएगा कि ये गांजा किससे खरीदकर लाए थे।
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पानीपत के आसपास के क्षेत्र में तस्करी करने के लिए गांजा को 40 हजार रुपये में खरीद कर लाए थे। सीआईए-वन के प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को उनकी टीम पसीना गांव के पास गश्त कर रही थी। उनकी टीम ने गुप्त सूचना पर नर्सरी के पास से गांव पसीना निवासी दलबीर पुत्र जोगीराम व मंगल पुत्र नरसी को हिरासत में लिया था। इनके पास कट्टे में 10 किलोग्राम गांजा मिला। ये यहां पर राहगीरों को गांजा बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने इनसे गांजा बरामद कर प्राथमिक पूछताछ की। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा हिमाचल से 40 हजार रुपये में खरीदकर लाए थे। ये इसे आसपास के क्षेत्र में बेचकर पैसा कमाना चाहते थे। आरोपियों से रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ की जा रही है।