पानीपत। पुराना औद्योगिक थानाक्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता छठी कक्षा का 12 वर्षीय छात्र बिहार में रेलवे स्टेशन पर मिला। परिजनों ने उसकी अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पूछताछ में बताया कि गर्मी की छुट्टी होने पर वह स्कूल से सीधा रेलवे स्टेशन पर पहुंचा और वहां से दो बजे दिल्ली की ट्रेन में बैठ गया। इसके बाद वह बिहार की ट्रेन में बैठकर अपने पैतृक गांव पहुंच गया।
गौरतलब है कि कच्चा फाटक निवासी उदय चादव ने शिवम के अपहरण की शिकायत दी थी। उसने बताया था कि वह छठी कक्षा में पढ़ता है। वह 31 मई को स्कूल गया था लेकिन घर नहीं लौटा। उन्होंने स्कूल की सीसीटीवी फुटेज चेक की तो उसमें शिवम स्कूल से बाहर निकलता दिखाई दिया। पुलिस और परिजन दोनों ही तलाश कर रहे थे लेकिन शिवम बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे बिहार के जिला नवादा स्टेशन पर मिला। पिता ने बताया कि उनका पैतृक बिहार के जिला नवादा का गांव धमौल है। अक्सर वह गांव जाते थे। बेटे को रास्ता याद था। वह बिहार चला गया।
उग्राखेड़ी निवासी तेजवीर ने बताया था कि वह सीमा ओवरसीज में काम करता है। उसका बेटा सूरज (11) 31 मई को उसे खाना देने के लिए आया था। बेटे के साथ उसके दो दोस्त शुभम (11) और अजय (12) थे। वह खाना देकर घर के लिए निकले थे लेकिन घर नहीं पहुंचे। पिता तेजवीर ने तीनों की गुमशुदगी की शिकायत चांदनीबाग थाने की पुलिस को दी थी। पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की। बुधवार देर शाम तीनों युवक घर पहुंच गए। पूछताछ की तो बताया कि वह हरिद्वार गंगा स्नान करने गए थे।
महादेव कॉलोनी से लापता नवीं कक्षा के छात्र का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। पिता मोहम्मद कादिर कॉलोनी निवासियों के साथ किला थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही उसे ढूंढ लिया जाएगा।