पानीपत। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत जिले के 482 राशन डिपो पर 18 और 19 अगस्त को अन्नोत्सव मनाया जाएगा। आयोजन के दौरान जिले भर में 10 किलोग्राम राशन के 3,26,360 और पांच किलोग्राम राशन के 74,333 थैले वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में लोगों को परेशानी से बचाने के लिए लघु सचिवालय स्थित चौथी मंजिल पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। कोई दिक्कत होने पर हेल्पलाइन नंबर 0180-2838863 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम को लेकर बुधवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकरियों एवं कर्मचारियों की बैठक हुई, जिसमें आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। डीएफएससी सुभाष सिहाग ने कहा कि अपने कार्यक्षेत्र में व्यवस्था सुनिश्चित करें। कोविड-19 के नियमों का पालन अवश्य होना चाहिए। उन्होंने बताया कि अन्नोत्सव सभी 482 डिपो पर होगा और इस मौके पर जिले भर में 10 किलोग्राम राशन के 326360 और पांच किलोग्राम राशन के 74333 थैले वितरित किए जाएंगे।
मडलौडा, इसराना, पानीपत ब्लॉक के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी देवेंद्र कादियान, समालखा ब्लॉक के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी योगेंद्र पुनिया और बाबरपुर क्षेत्र के लिए निरीक्षक रविंद्र कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अन्नोत्सव के संपूर्ण कार्यक्रम के इंचार्ज सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी रहेंगे।