पानीपत। कनाडा में रहने वाले एक युवक की आईडी हैक कर मॉडल टाउन निवासी से ठग ने 1.22 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने कनाडा के रिश्तेदारों की पत्नी का ऑपरेशन कराने का मैसेज भेजकर पहले 32 और फिर 90 हजार रुपये खाते में डलवा लिए। फिर आरोपी ने जब छह लाख रुपये और मांगे तो पीड़ित युवक को शक हुआ। उसने रिश्तेदार को फोन किया तो मामले का खुलासा हुआ।
मॉडल टाउन निवासी ललित शर्मा ने बताया कि उनका एक रिश्तेदार कनाडा रहता है। वह सोशल मीडिया पर एक-दूसरे से जुडे़ हुए हैं। बुधवार सुबह कनाडा में रहने वाले रिश्तेदार की आईडी से उनके पास एक मैसेज आया कि उनके दोस्त की पत्नी बीमार है और उन्हें 32 हजार रुपयों की जरूरत है। वह कनाडा से रुपये नहीं भेज सकता, तुम डलवा दो, मैं आने के बाद दे दूंगा। उसने एक अकाउंट नंबर भेजा। जिसमें उसने 32 हजार रुपये डलवा लिए।
इसके बाद एक बार फिर मैसेज आया कि उन्हें 90 हजार रुपये और चाहिए। उसने वह भी दिए गए खाते में डलवा दिए। अंत में छह लाख रुपये और डलवाने का मैसेज आया। लिखा था कि उसे एक प्लाट का भुगतान करना है। इसके लिए छह लाख चाहिए, वह दो से तीन दिन में वापस कर देगा। ललित के मुताबिक, शक होने पर उसने रिश्तेदार को फोन किया तो उन्होंने बताया कि उनकी तरफ से ऐसा कोई मैसेज नहीं किया गया है।
आरोपी ने दिए दो अकाउंट नंबर
आरोपी ने अंत में दो मैसेज ओर किए और दो से तीन अकाउंट नंबर भेजे। इनमें एक अरविंद, दूसरा शशि नामक युवक के थे। इनमें दो-दो लाख रुपये डलवाने की बात कही। कहा कि वह खाते में कैश नहीं डलवा सकते तो आरोपी ने दो पेटीएम खाता नंबर भी भेजे। उसने मना किया तो आरोपी ने फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- योगेश कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी