पानीपत। नगर निगम ने जीटी रोड से लेकर शहर के मुख्य बाजारों में नाला बनाने वाली एजेंसी को नोटिस जारी किया है। निगम एक्सईएन ने बताया कि काम में अनियमितताएं मिलने पर एजेंसी को क्लॉज-2 के तहत नोटिस जारी किया गया है। इस नियम के तहत एजेंसी पर जुर्माना लगाया जाएगा। इससे पहले भी एक्सईएन 30 मार्च को नाले के निरीक्षण कार्य का खुद दौरा कर एजेंसी को फटकार लगा चुके हैं।
बता दें कि शहरी विधायक कार्यालय से लेकर इंसार बाजार समेत कई बाजारों में निकासी की परेशानी को देखते हुए निगम ने नालों का एक प्रोजेक्ट बनाया था। इसमेें करीब 70 लाख रुपये की लागत से बाजारों में कई नालों का टेंडर भी दिया था। एजेंसी की ओर से इन नालों का निर्माण कार्य भी पूरा करवा दिया गया लेकिन इसमें मैटेरियल को आवश्यक गुणवत्ता अनुसार नहीं लगाया गया। नाले का लेवल भी सही नहीं पाया गया।
स्थानीय दुकानदारों ने इस स्थिति से निगम के एक्सईएन नवीन सहरावत को अवगत करवाया। दुकानदारों ने कहा कि बिना लेवल के नाले से निकासी होना असंभव है। अगर ये हालात रहे तो निगम का लाखों रुपये लगाना तक व्यर्थ हो जाएगा। दुकानदारों की समस्या सुनने के बाद एक्सईएन नवीन ने नालों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं मैटेरियल की जांच की और ठेकेदार को मौके पर बुलाकर फटकार लगाई। इसके बाद काम दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए लेकिन काम संतोषजनक न मिलने पर एजेंसी के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
इंसार बाजार में बनाए जा रहे नाले का निरीक्षण किया था। इसमें कुछ कमियां मिली हैं। ठेकेदार को मौके पर बुलाकर इन कमियों को दूर करने के लिए चेतावनी दी गई थी। इसके बाद भी एजेंसी का काम संतोषजनक नहीं मिला। जिस पर अब क्लॉज-2 के तहत नोटिस दिया गया है। विकास कार्यों की गुणवत्ता में समझौता नहीं होने दिया जाएगा। - नवीन सहरावत, एक्सईएन, नगर निगम, पानीपत।