पानीपत। केंद्र सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त प्रयास में अटल भूजल योजना को लेकर केंद्रीय सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की टीम ने मंगलवार को जिले के बिहोली की धोली कोठी और चुलकाना गांव में आकर अध्ययन किया गया। केंद्रीय सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के आईएएस अधिकारी बनोथ मरुजेंद्र, अभिषेक कुमार और सूर्या तेजा सहित उनके साथ आए सिंचाई विभाग के एक्सपर्ट सदस्यों ने गांव में विभिन्न जगहों पर जाकर लोगों से बातचीत की।
टीम के सदस्य अभिषेक कुमार ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में भूजल संसाधनों का खाका तैयार करना है। भूजल संसाधनों के प्रबंध के लिए राज्य में ग्राम जल समिति का निर्माण करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक लामबंदी और जल संसाधन के प्रति जागरूकता और इससे संबंधित गतिविधियों के साथ हित धारकों का क्षमता निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि शुरू में प्रत्येक गांव की जल सुरक्षा योजना तैयार की जाएगी और अगले चार वर्षों में इसे लागू भी कर दिया जाएगा। अटल जल योजना के तहत हरियाणा के कुल 14 जिलों को कवर किया जाएगा। इसमें प्रदेश भर से गंभीर भूजल संकट वाले 36 विकास खंडों में कुल 1669 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत तकनीकी विशेषज्ञों की टीम जल संरक्षण यात्रा के रूप में विभिन्न जगहों पर जाएगी। इसी कड़ी में समालखा ब्लॉक में प्राथमिकता के आधार पर काम किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से बातचीत की जा रही है और गांव के जल संसाधन की मैपिंग की जा रही हैं। इसके अलावा सामुदायिक भागीदारी के जरिये टीम भूजल संसाधनों और कृषि गतिविधियों में आए बदलाव का भी आकलन कर रही है। टीम ने चुलकाना गांव के ग्राम सचिवालय में पौधरोपण भी किया। उन्होंने बताया कि अटल जल हरियाणा के परियोजना निदेशक डॉ. सतबीर कादियान के निर्देशानुसार अटल जल योजना के तहत प्रदेश की पहली जल पंचायत भी बीते माह बिहोली गांव में आयोजित की गई थी। इस पंचायत के माध्यम से ग्रामीणों को अपने भूजल संसाधनों का स्वामित्व अधिकार लेने के लिए प्रेरित किया गया था।
बताया कि बिहोली गांव निवासी डॉ. सतबीर कादियान को हरियाणा सरकार के अलावा केंद्र सरकार से भी गुड गवर्नेंस अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अपने विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर सूखी नदियों में पानी पहुंचाने का काम किया था। इस मौके पर सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेश सैनी, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता जतिन खुराना और बीडीपीओ पूनम चंदा सहित सभी सबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।