पानीपत। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश भर के सभी जिलों में 200 बेड के अस्पताल खोलने जा रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीण अंचल में सीएचसी और पीएचसी भी बनवाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 28 लाख परिवारों को आयुष्मान योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। वे रविवार को पानीपत जिले के डाहर गांव में नई शुगर मिल के उद्घाटन समारोह का संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने परिवार पहचान पत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि पीपीपी एक ऐसा रामबाण है जो हर गरीब की अपने आप मदद करेगा। इसमें 1.80 लाख रुपये सालाना से कम आय वाले लोगों के अपने आप बीपीएल कार्ड बन जाएंगे। इस दौरान उन्होंने पीपीपी के डाटा से बीपीएल कार्ड बनवाने वाले लोगों को कार्ड भी दिए। कहा कि पीपीपी में 60 साल की उम्र पूरी करने वाले वृद्धों की सिर्फ एक हस्ताक्षर पर अपने आप बुढ़ापा पेंशन बन जाएगी। इसके लिए विभाग के अधिकारी उनके घर आएंगे और उनको किसी भी सरकारी कार्यालय में चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसके तहत न केवल खेलों पर सबसे अधिक बजट दिया जा रहा है, बल्कि चुनिंदा खिलाड़ियों को नौकरी सहित अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इस दौरान उन्होंने ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा की भी मिसाल दी।
14 फसलों की एमएसपी पर खरीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब प्रदेश सरकार 14 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। सरकार देश में सबसे ज्यादा 362 रुपये प्रति क्विंटल के रेट से गन्ना खरीद रही है। हम किसानों को अलग-अलग योजनाओं से लाभान्वित कर रहे हैं। किसानों के कृषि रिस्क को काफी हद तक योजनाओं से कम करने का काम भी भाजपा सरकार ने किया है। इसके अलावा हम स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास और लोगों को रोजगार देकर उनके आत्मसम्मान के लिए काम कर रहे हैं।
लोन दिलवाकर दे रहे रोजगार
सीएम ने कहा कि वे एक लाख से कम आमदनी वाले लोगों को बैंक से लोन दिलवाकर उनका स्वरोजगार स्थापित करने में मदद कर रहे हैं। इसके लिए परिवार उत्थान मेले तक लगाए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में ऐसे 24 लोगों को बुलाया लेकिन इनमें से सिर्फ 20 लोगों की ही उपस्थिति की लिस्ट सीएम को मिली। इसमें से स्टेज पर सिर्फ 6-7 लोग ही पहुंच पाए। सीएम के पूछने पर उन्होंने बताया कि उन्हें 50 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक का लोन मिला है।