समालखा। निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन शनिवार को चेयरमैन पद के लिए सात उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इसके साथ ही चेयरमैन के लिए कुल 10 और पार्षद के लिए कुल 73 उम्मीदवारों ने नामांकन कर दिया है। नामांकन को लेकर लघु सचिवालय में दिनभर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा।
बीजेपी, जजपा, इनेलो, आम आदमी पार्टी, बसपा जहां सिंबल पर चेयरमैन और पार्षद के चुनाव लड़ रही हैं, वहीं कांग्रेस ने कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया। भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व नगर पालिका चेयरमैन अशोक कुच्छल, इनेलो से उमेश गोल्डी खट्टर, जजपा से पूर्व नपा चेयरमैन अशोक गुप्ता और आम आदमी पार्टी से पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर, बसपा से हारून ने चेयरमैन पद के लिए पर्चा भरा। जबकि संजय बेनीवाल और कुसुमलता शर्मा ने आजाद उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा। कुसुमलता को समालखा बचाओ संघर्ष मोर्चा समर्थन दे रहा है।
एसडीएम एवं समालखा नगरपालिका चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी अश्वनी मलिक ने बताया कि शनिवार को समालखा नगर पालिका चुनाव के लिए चेयरमैन पद पर सात उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। पार्षद पद के लिए वार्ड एक से चार, वार्ड दो से दो, वार्ड तीन से चार, वार्ड पांच से तीन उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। वार्ड छह से सात, वार्ड सात से चार, वार्ड आठ से दो, वार्ड नौ से एक, वार्ड 10 से दो, वार्ड 11 से एक, वार्ड 12 से तीन, वार्ड 13 से पांच, वार्ड 14 से तीन, वार्ड 15 से एक उम्मीदवार ने नामांकन किया है। वार्ड 16 और 17 से चार-चार उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। अब तक चेयरमैन के लिए कुल 10 और पार्षद पद के लिए सभी 17 वार्डों से 73 नामांकन किए जा चुके हैं। इन सभी नामांकनों की सोमवार को जांच और छंटनी की जाएगी। सात जून को तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। सात जून को तीन बजे के बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न वितरित किए जाएंगे।