रायपुररानी। ग्रामीण क्षेत्रों में एक सप्ताह से बिजली की समस्या झेल रहे किसान शनिवार को ब्लॉक के गांव ककराली में बैठक कर निगम के उदासीन रवैये के कारण खराब हुई फसलों के बारे में चर्चा की। क्षेत्र के किसान नेता बहादुर राणा ककराली ने बताया कि आज की बैठक में ककराली, जासपुर, बहबलपुर, बागवाला, बागवाली सहित कई गांवों के किसानों ने बरवाला सब स्टेशन से ट्यूबवेलों के लिए बिजली की आपूर्ति नहीं होने पर आगे की रणनीति बनाई।
किसानों के ट्यूबवेल नहीं चलने से मुख्य रूप से प्याज और गेहूं की फसल को काफी नुकसान हो रहा है। किसानों ने कहा कि पहले बारिश के कारण प्याज लगाने में देरी हो चुकी है। अब किसान खेत तैयार होने पर प्याज नहीं लगा पा रहे हैं। बिजली नहीं होने के कारण उनकी ताजी रोपी गई प्याज की पौध खेतों में सूख रही है।
बहादुर राणा ने कहा कि सभी किसान एकत्रित होकर बिजली निगम के उच्चाधिकारियों और बिजली मंत्री को लिखित में अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में अवगत कराएंगे और अपनी खराब हुई फसलों के सर्वे के बारे में भी बड़े अधिकारियों से मिलेंगे। बैठक में किसान सतीश शर्मा, जंगबहादूर, रामपाल राणा, साहब सिंह बागवाला, सलिंदर राणा, संदीप चांदा, सूबेदार सुभाष चौहान, जयपाल सिंह, राजू राणा, इंद्र फौजी, रिंकू शर्मा, सैंटी शर्मा, अशोक कुमार सहित कई किसान मौजूद रहे।