पिंजौर। पंचकूला शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव रामपुर सियुडी में शामलात जगह पर हो रहे कब्जों और अतिक्रमणकारियों को रोकने में विफल साबित होने पर संबधित अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों को लीगल नोटिस भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
सरिता गुलाटी, रश्मी गुलाटी, जितेश मनोचा, गुरबक्श सिंह, मोहिंद्र सिंह सहित रामपुर सियुडी के लोगों ने वकील के माध्यम से चीफ सेक्रेटरी ऑफ हरियाणा, डीसी पंचकूला, ईओ म्यूनिसिपल कारपोरेशन पंचकूला, एसडीओ उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम पंचकूला, एसडीओ पब्लिक हेल्थ पिंजौर को लीगल नोटिस भेजकर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रामपुर सियुडी में शामलात जगह पर अवैैध कब्जे हो रहे हैं। अधिकारी अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करने की जगह मूक दर्शक बनकर अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सख्त कार्रवाई न करने के चलते हजारों लोगों ने शामलात जगह पर कब्जा कर अवैध कालोनी तक बना दी है। इस मामले को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है, और कोर्ट ने यथा स्थिति बनाए रखने के आदेश दिए हैं। बावजूद इसके अभी भी शामलात जगह पर लगातार कब्जे जारी हैं। उन्होंने बताया कि अगर शामलात जगह पर निरंतर हो रहे कब्जों और अतिक्रमण को नहीं रोका तो व्यक्तिगत तौर पर उन अधिकारियों की जिम्मेवारी होगी। उन्होंने प्रशासनिक, संबधित अधिकारियों सहित सरकार से मांग की है कि इस मामले में कार्रवाई कर अवैध कब्जों को रोकने सहित अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करें।
अवैध कब्जों को लेकर विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। यदि अवैध कब्जों की शिकायत आएगी तो विभाग कब्जा करने वालों को नोटिस देकर आगे की कार्रवाई करेगा। - गुरजीत, जेई नगर परिषद, कालका