चंडीगढ़। पंजाब में धीमी टीकाकरण की रफ्तार को तेज करने के लिए हर घर दस्तक मुहिम शुरू कर दी है। इस मुहिम के तहत सरकार ने 100 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य तय किया है। अब तक सूबे में 1.66 करोड़ ने पहली और 79 लाख लोग टीकाकरण की दूसरी खुराक ले चुके हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी ने 100 प्रतिशत टीकाकरण को जरूरी बनाने के लिए पंजाब भवन चंडीगढ़ से हरी झंडी दे कर पांच जागरूकता वैनों को रवाना कि या। यह जागरूकता मुहिम अब भी और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि कोरोना की संभावित तीसरी लहर का खतरा बड़े स्तर पर मंडरा रहा है। राज्य में चल रही टीकाकरण मुहिम का हवाला देते हुए ओपी सोनी ने बताया कि लगभग 1.66 करोड़ व्यक्तियों ने अपनी पहली खुराक ले ली है और 79 लाख लोगों को दोनों खुराकें दी जा चुकी हैं। इस मुहिम को और बढ़ावा देने व हर घर तक पहुंचने के मकसद से नवंबर के पहले हफ्ते राज्य में हर घर दस्तक कोविड -19 टीकाकरण मुहिम चलाई गई। इसके अंतर्गत पहली और दूसरी खुराक के लिए क्रमवार 312570 और 412912 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया है। 4788 गांवों में क्रमवार पहली डोज और 1145 गांव में दूसरी खुराक के लिए 100 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है।
कोरोना टीकाकरण में और तेजी लाने के लिए वैनों का प्रयोग पहले 15 दिनों तक कम कारगुजारी वाले जिलों (फिरोजपुर, मानसा, बरनाला, बठिंडा, संगरूर) में जागरूकता पैदा करने के लिए किया जाएगा। जहां टीकाकरण के प्रति विरोध और शंकाओं को इन वैनों द्वारा जागरूकता पैदा करके वैक्सीन लगवाने के बारे में हिचकिचाहट को दूर किया जाएगा। इस मौके पर स्वास्थ्य सचिव विकास गर्ग मिशन डायरेक्टर एनएचएम कुमार राहुल उपस्थित थे।