पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि राज्य ने चालू वित्तीय साल के दौरान 10604 करोड़ रुपये जीएसटी के तौर पर वसूले हैं। इस तरह राज्य ने जीएसटी लागू होने के बाद पहली बार छह महीनों में 10 हजार का आंकड़ा पार किया है।
बुधवार को जारी एक बयान में वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य में चालू वित्तीय साल के दौरान जीएसटी वसूली में 22.6 प्रतिशत का विस्तार दर दर्ज किया गया है। पिछले वित्तीय साल में छह महीनों के दौरान 8650 करोड़ रुपये की जीएसटी वसूली हुई थी जबकि मौजूदा साल के दौरान इस अवधि में राज्य ने कुल 10604 करोड़ रुपये की जीएसटी वसूली के साथ 1954 करोड़ रुपये ज्यादा कमाए हैं।
सितंबर, 2022 के जीएसटी आंकड़ों का खुलासा करते हुए चीमा ने कहा कि राज्य ने 22 प्रतिशत की विकास दर दर्ज की है। सितंबर 2021 में 1402 रुपये की कलेक्शन के मुकाबले इस साल सितंबर में जीएसटी कलेक्शन 1710 करोड़ रुपये रही। वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने वित्तीय साल 2022-23 के लिए अपने पहले बजट में 20,550 करोड़ रुपये की जीएसटी वसूली का अनुमान लगाया है। राज्य ने पहले छह महीनों में 50 प्रतिशत से अधिक की प्राप्ति की है और आने वाले त्योहारों के सीजन के दौरान जीएसटी की वसूली में अच्छे वृद्धि की उम्मीद है।
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जाली बिलिंग रोकने के साथ-साथ सभी खामियों को दूर करने के लिए पंजाब गुड्स एंड सर्विसिज टैक्स (संशोधन) बिल 2022 पंजाब विधानसभा में पास किया है, जिससे न सिर्फ व्यापारियों को फायदा होगा बल्कि राज्य के अपने राजस्व में भी विस्तार होगा।
2022-23 में जीएसटी की मासिक कलेक्शन
माह 2022-23 2021-22
अप्रैल 1994 1924
मई 1833 1266
जून 1683 1111
जुलाई 1733 1533
अगस्त 1651 1414
सितंबर 1710 1402
कुल 10604 8650