शराब के नशे में एक व्यक्ति ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर दी। पंचकूला पुलिस गांव टपरिया पहुंची तो उसने कहा कि वह देखना चाहता था कि गाड़ी आती है या नहीं । इस पर पुलिस की ओर से व्यक्ति से पूछा गया कि आपको कोई परेशानी है। इस पर व्यक्ति ने कहा कि वह डायल 112 नंबर की हकीकत जांच रहा था।
विज्ञापन
आईपीएस ऑफिसर पंकज नैन ने इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। लोगों से अपील की है कि लोग बिना इमरजेंसी के इस नंबर पर कॉल नहीं करे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो डालने के साथ लिखा कि जनता को पीने के बाद पुलिस की याद आती है। इसलिए लोगों को इससे बचना चाहिए। लोगों को इमरजेंसी नंबर का मिसयूज नहीं करना चाहिए। पुलिस के पूछने पर व्यक्ति ने बताया कि उसने तीन बीयर पीने के बाद फोन किया था।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यह वीडियो 8 फरवरी की है। हरियाणा डीजीपी ऑफिस में तैनात आईपीएस पंकज नैन ने सोशल मीडिया में वीडियो डालकर लोगों से अपील की है कि डायल 112 का मिसयूज नहीं करें।