चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में आगामी सेमेस्टर की तारीखों का एलान करने के लिए विद्यार्थी संगठन इनसो ने शुक्रवार को वीसी प्रो. राजकुमार के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें जल्द अगले सेमेस्टर की ऑफलाइन कक्षाओं की तारीखों और कक्षाओं का शेड्यूल जारी रखने की मांग की। इसके साथ अभी तक पिछले सेमेस्टरों के लंबित परीक्षा परिणामों को जल्द जारी करने की मांग रखी।
इनसो के सदस्य अमन मलिक ने बताया कि शहर में 14 फरवरी से कॉलेजों में ऑफलाइन कक्षाओं का एलान कर दिया है, लेकिन जब तक पंजाब यूनिवर्सिटी टाइम टेबल जारी नहीं करती तब तक कॉलेजों में कक्षाएं शुरू नहीं होगी। यूनिवर्सिटी से कॉलेज सबद्ध होने के कारण पहले पीयू का पूरी तरह खुलना जरूरी है। इसके साथ ही पंजाब यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों ने पिछले दो सालों से परिसर ही नहीं देखा है। पीयू परिसर के विद्यार्थियों का सबसे अधिक नुकसान हो रहा है। ज्ञापन देने के दौरान इनसो पीयू अध्यक्ष पुनित सिंह मस्तिां, कमल प्यारेवाला, सुनिल कादियान, मनप्रीत मस्तिां, अमरोज मान इत्यादि उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि अगर पीयू को पूरी तरह खोलने पर फैसला नहीं लिया गया तो आगामी हफ्तों में विद्यार्थी धरने पर बैठेंगे।