कालका। श्री सनातन धर्म सभा की ओर से लाला गोबिंद राम की धर्मशाला का जीर्णोद्धार किया गया है। मंगलवार को उद्घाटन कर इसे जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। स्थानीय निकाय मंत्री हरियाणा डॉ. कमल गुप्ता धर्मशाला का उद्घाटन करने पहुंचेंगे। करीब सवा करोड़ से धर्मशाला की नवीनीकरण किया गया है। इसके तहत लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।
सनातन धर्म सभा के प्रधान रवि बिंदल व लाला गोबिंद राम धर्मशाला कमेटी प्रधान विजय कालिया ने बताया कि धर्मशाला को नया स्वरूप दिया गया है। धर्मशाला में पार्किंग सहित दो बड़े हाल व तीन नए कमरे बनाए गए हैं। यहां कुल 11 कमरे हैं। लोगों की सुविधा को देखते हुए लिफ्ट का भी प्रबंध किया गया है। वहीं, जिन कमरों की हालत बद्तर थी उनको ध्वस्त कर नए सिरे से बनाया गया है। जो लोग ज्यादा पैसे नहीं खर्च कर सकते उनके लिए दो डोरमेटरी बनाई गई हैं। इसमें मैट का शुल्क 50 व बेड का सौ रुपये रखा गया है। नए बने कमरों का शुल्क 250 रुपये प्रति कमरा रहेगा। कुल 11 कमरों में से 4 बड़े कमरे हैं, जिसमें फैमिली स्टे कर सकती है।
कार्यक्रम के लिए हाल 31 सौ रुपये में बुक होगा जबकि दो हॉल लेने के लिए 6200 रुपये शुल्क अदा करना होगा। हॉल बुक करवाने के साथ किचन व पार्किंग की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। भोग रस्म-पगड़ी के लिए 2100 रुपये शुल्क अदा करना होगा। धर्मशाला में सभा की बैठक के लिए दफ्तर बनाया गया है। गर्मी के मद्देनजर धर्मशाला में कुल 45 पंखे लगाए गए हैं।
धर्मशाला में विशेष हवन करवाया
रविवार को श्री सनातन धर्म सभा कालका की ओर से लाला गोबिंदराम धर्मशाला में विशेष हवन का आयोजन किया गया। सभा के संरक्षक पृथ्वी राज मित्तल, जनरल सेक्रेटरी कंवर सेन सिंगला, उपाध्यक्ष विपिन बजाज, सचिव अभिनंदन गोयल, कैशियर तरसेम गुप्ता, सभा उपाध्यक्ष व धर्मशाला कमेटी प्रधान विजय कालिया, कमेटी जनरल सेक्रेटरी अशोक वर्मा, कमेटी कैशियर नरेन्द्र गुप्ता, केयर टेकर जगजीत सिंह, सभा सचिव पं. विनोद सावर्णी, कार्यकारिणी सदस्य रवि मित्तल सहित अन्य मौजूद रहे।