पंचकूला साइबर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-2 मार्केट में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 21 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि मामले में चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आरोप है कि यह गिरोह अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-2 मार्केट स्थित एक इवेंट कंपनी के कार्यालय से विदेशी नागरिकों के साथ ऑनलाइन ठगी की जा रही है।
सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से 19 कंप्यूटर, 3 लैपटॉप, 11.30 लाख रुपये नकद, 3 वॉकी-टॉकी, 16 हेडसेट, 2 वाई-फाई राउटर, एक नोट गिनने की मशीन, 3 पीओएस मशीनें तथा सोने के आभूषण बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को किसी कंपनी का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर अमेरिका के नागरिकों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान वे विभिन्न बहानों से लोगों का विश्वास जीतकर उनके क्रेडिट कार्ड और बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद खातों से अवैध लेन-देन कर ठगी की जाती थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कॉल सेंटर का संचालन अमेरिकी समय के अनुसार किया जाता था। कार्यालय शाम करीब 7 बजे खुलता था और रात 3 बजे तक संचालित रहता था, ताकि अमेरिकी नागरिकों से आसानी से संपर्क किया जा सके। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और ठगी की कुल रकम का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी रैकेट ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।