चंडीगढ़। गैंगस्टरों ने अपनी करतूतों से चंडीगढ़ पुलिस की नींद उड़ा रखी है। सरेआम वारदातें तो करते ही थे, अब सोशल मीडिया पर हथियारों की मंडी सजा दी है। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने हर तरह के हथियार एक कॉल पर उपलब्ध कराने का दावा किया है। पुलिस ने जांच के बाद ऐसे सात बदमाशों की फेसबुक आईडी निकलवाई है। इन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, सातों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे हैं। एक गुर्गे ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा है कि जिस भाई को कट्टा, पिस्टल माउजर, रिवॉल्वर और अन्य तरह के हथियार चाहिए तो वो हमसे संपर्क करे। साथ में एक मोबाइल नंबर भी दिया है। दूसरे गुर्गे ने पोस्ट में लिखा कि सभी हथियार मिल जाएंगे जिस किसी भी भाई को चाहिए तो व्हाट्सएप कॉल करे। उसने भी एक मोबाइल नंबर जारी किया है। इसी तरह सभी गुर्गों ने हथियार बेचने के लिए पोस्ट अपलोड कर डाली हैं। पुलिस लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे रूबी कुमार, मुकेश बारवल सतेंद्र सैणी, दधिवाल सिंह कुशवाहा, राजेश सिंह, खेमा गुज्जर और नैम खान के नाम से चल रही फेसबुक आईडी की जांच कर रही है।
बिश्नोई को चंडीगढ़ लाने के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी
प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की हत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी में है। पुलिस ने इस हत्या के मामले में 21 अक्तूबर को तिहाड़ जेल से अभिषेक उर्फ बंटी और चंडीगढ़ से दो आरोपियों को अदालत में पेश किया था। मामले में मुख्य आरोपी लॉरेंस बिश्नोई समेत छह आरोपियों के प्रोडक्शन वारंट जारी किए गए थे, लेकिन लॉरेंस समेत तीन आरोपी पेश नहीं हुए। अब 12 नवंबर केलिए फिर प्रोडक्शन वारंट जारी किए गए। मालूम हो कि प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की 28 सितंबर 2019 को सेक्टर 45 स्थित बुडै़ल गांव में उनके कार्यालय के अंदर हमलावरों ने 10 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।