गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष जताते रिंकू के परिजन।
- फोटो : Palwal
होडल। गांव भिडूकी निवासी 26 वर्षीय रिंकू की तेजधार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव गांव भुलवाना रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में मिला। युवक बाइक पर होडल जाने की बात कहकर घर से निकला था। शव के कुछ दूरी पर ही बाइक बरामद हुई है। होडल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। रिंकू के पिता हेतराम ने गांव के ही नौ नामजद लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। परिजनों ने शनिवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष जताया।
पुलिस के अनुसार, हेतराम ने शिकायत में कहा कि शुक्रवार को वे अपने खेतों पर थे। सुबह करीब 10:30 बजे उनका पुत्र रिंकू होडल जाने की बात कहकर बाइक से गया था। जब वह खेतों से वापस घर पहुंचे और रिंकू को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद था। बाद में उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शाम को करीब सात बजे उन्हें होडल थाना पुलिस द्वारा रिंकू की हत्या की सूचना मिली। शिकायत में कहा कि गांव के कुछ लोगों के साथ पिछले सात सालों से रंजिश है। इस कारण गांव निवासी पद्म, कमल, धर्म, विष्णु, सतपाल, बॉबी, विनय, जीतू और भोला आदि ने रिंकू की हत्या की है। थाना प्रभारी अनूप सिंह का कहना था कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भुलवाना रेल की पटरियों के निकट झाड़ियों में किसी युवक का शव पड़ा हुआ है और पास में ही बाइक पड़ी है। वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर गांव में सूचना दी। रिंकू की किसी तेजधार हथियार से हत्या की गई है। रेलवे फाटक के निकट सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकार्ड की जांच की जा रही है।