हथीन। स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य शिविरों में शुक्रवार को भी 10 बुखार के मरीजों की पुष्टि हुई है। प्रवर चिकित्सा अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि दुर्गापुर गांव में आयोजित किए गए शिविर में कुल 33 मरीज आए। इसमें छह मरीज बुखार के मिले। बहीन गांव में कुल पांच मरीज आए जिनमें दो को बुखार मिला। रनियला खुर्द गांव में कुल नौ मरीज आए जिनमें दो मरीजों को बुखार मिला। सम्बन्धित गांवों में मलेरिया टेस्ट के लिए ब्लड स्लाइड बनाई गईं हैं। इसके अलावा डेंगू जांच, प्लेटलेट्स जांच एवं कोविड टेस्ट के लिए भी सैम्पल्स लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अब बुखार के मरीजों की संख्या में कमी आ गई है।
उधर, सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप की अध्यक्षता में जिले के ब्लड बैंक अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। सिविल सर्जन ने निर्देश दिए कि ज्यादा से ज्यादा और जल्दी से जल्दी ब्लड कैंप लगाए जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी ब्लड कैंप लगाने से पहले ब्लड बैंक के नोडल अफसर को सूचित किया जाए व उसकी क्षमता बताई जाए। उन्होंने ने सभी को सतर्क करते हुए कहा कि एसडीपी किड्स समय पर उपलब्ध रखें ताकि लोगों को समय पर मदद मिल सके और लोगों की जान बचाई जा सके।
सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सकों को प्रोत्साहित किया और होडल के ब्लड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि उन्हें जब भी जरूरत हो प्लेटलेट्स नवजीवन चैरिटी हॉस्पिटल से ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि खून की उपलब्धता नोटिस बोर्ड पर रोजाना अंकित की जाए। उन्होंने पलवल की जनता से सहयोग की अपील की कि ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आकर रक्तदान करें ताकि जरूरतमंद की मदद की जा सके। बैठक में डॉ. दयानंद ब्लड बैंक इंचार्ज पलवल, डॉ. प्रशांत केसी प्रशांत पलवल, डॉ. सतीश कुमार नवजीवन चैरिटी, होडल और डॉ. गरिमा लाइफ लाइन अस्पताल से मुख्य रूप से उपस्थित रहे।