संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। मौसम ने शनिवार को फिर से अपना मिजाज बदला। शाम को पांच बजे अचानक से तेज हवा चली, जिसने पिछले कई दिनों की गर्मी से राहत पहुंचाई। खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठाने के लिए लोग अपने-अपने घरों की छतों पर चढ़े नजर आए। वहीं पार्कों में खेलकर बच्चों ने भी मौसम का खूब आनंद लिया।
ब्रह्मसरोवर पर भी शाम के समय लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। हालांकि दिन में गर्मी ने खूब सताया दोपहर के समय अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया था और लू से भी जन जीवन अस्त व्यस्त हुआ पड़ा था। शाम चार बजे के बाद आसमान में हल्के बादल छाए और पांच बजे के करीब हवा चल पड़ी, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। हवा चलने अधिकतम तापमान लुढ़ककर 36 डिग्री पर आ गया। वहीं सात बजे के बाद पारा 34 डिग्री पर आ गया।
रात को भी पिछले दिनों के मुकाबले काफी राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी मंगलवार तक मौसम के मिजाज ठीक रह सकते हैं। रविवार को जहां दिन में बादल छाए रह सकते हैं, वहीं सोमवार को बारिश होने की 54 प्रतिशत संभावना है। उसके बाद मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे, लेकिन फिर धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा और शुक्रवार तक फिर से 42 डिग्री पहुंचने का अनुमान है।