संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिपली से थर्ड गेट तक सड़क निर्माण सुचारु रूप से चल रहा है। निर्माण कार्य पूरा होेने पर इस रोड का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
सुंदरीकरण के लिए सेंटर वर्ज पर रंग-बिरंगे बुगन वेलिया के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा ग्रीन बेल्ट को भी विकसित कर लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। सड़क की दाईं तरफ साइकिलिंग पाथ भी बनाया जाएगा।
विधायक सुभाष सुधा मंगलवार को सड़क के सुंदरीकरण कराने के लिए सर्किट हाउस में अधिकारियों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सड़क का सुंदरीकरण करने के लिए खाका तैयार कर लिया गया है। पिपली गीता द्वार का सबसे ज्यादा सुंदरीकरण किया जाएगा ताकि कुरुक्षेत्र के प्रवेशद्वार से ही लोगों को धर्मनगरी में पहुंचने का एहसास हो सके। गीता द्वार के आसपास बेहतरीन रंग-बिरंगे पेबर ब्लॉक, प्लांटेशन का कार्य किया जाएगा।
सड़क के दोनों तरफ जहां-जहां ग्रीन बेल्ट है, उसे विकसित किया जाएगा और पेबर ब्लॉक लगाए जाएंगे। पिपली से थर्ड गेट तक सुंदर साइनबोर्ड भी लगाए जाएंगे। विधायक ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बलबीर सिंह को निर्देश दिए कि बरसात से पहले पानी की निकासी की व्यवस्था के लिए निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद, जन स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पानी निकासी की व्यवस्था को चेक कर लें।
इस मौके पर केडीबी सदस्य सौरभ चौधरी, विजडम वर्ल्ड स्कूल के निदेशक विनोद रावत, केयू के क्यूरेटर डॉ. विवेक चावला, आर्किटेक्ट नीरज गुप्ता, जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईन दिनेश गाबा, नप ईओ बलबीर सिंह, एचएसवीपी हॉर्टिकल्चर विभाग की कार्यकारी अभियंता निधि, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अमित कुमार, सड़क निर्माण कार्य एजेंसी के मालिक इंद्रपाल, नगर परिषद के लेखा अधिकारी मनोज कुमार, नप सचिव अजीत अरोड़ा, नप अधिकारी केएल बठला, सुरेश सैनी कुक्कू आदि उपस्थित रहे।