सुबह की सैर करने गए बुजुर्ग की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी शिकायत में गांव जलबेहड़ा वासी शकील खान ने बताया कि 8 अगस्त की सुबह को वह अपने ताऊ सढोरिया उसके भाई राजू के साथ सैर करने के लिए एनएच 152 जीटी रोड पर गए हुए थे। सैर करने के बाद उसका ताऊ बस अड्डा जलबेहड़ा पर रखे सीमेंट के बने बेंच पर बैठ कर दातून करने लग गया और उसके भाई राजू उसके आगे रखे दूसरे बेंच पर बैठ गया।
उसी समय इस्माईलाबाद की तरफ से एक कार चालक अपनी कार को बड़ी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए आया और सीधे बेंच में टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने से उसका ताऊ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। टक्कर इतना भयंकर थी कि कार भी साइड में पलट गई। उन्होंने बड़ी मशक्कत के बाद कार चालक और उसमें सवार बच्चे को बाहर निकाला। कार चालक ने अपना नाम अनिल कुमार वासी कालवा जींद बताया।
उन्होंने लोगों की मदद से एंबुलेंस का प्रबंध कर उसके ताऊ को निजी अस्पताल में लेकर गए, यहां से उसे पिहोवा के लिए रेफर कर दिया। उसके ताऊ की गंभीर हालत हो देखते हुए वहां से भी उसे कुरुक्षेत्र के लिए रेफर कर दिया। जब वे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे तो वहां पर डॉक्टरों ने उसके ताऊ को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।