संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव मसाना के जंगलों में शुक्रवार दोपहर को अचानक आग लग गई। आग की सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन गाड़ी को जंगल में जाने का रास्ता नहीं मिल सका। इस दौरान ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि आग लगने का कारण पता चल नहीं चल पाया है। वहीं जंगल में आग लगने की सूचना मिलने पर अंबाला से सेना की चार गाड़ियां पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया।
बता दें करीब 1400 एकड़ मेें फैला मसाना का जंगल भारतीय सेना का क्षेत्र है। इसलिए अंबाला से सेना की गाड़ियां आग बुझाने के लिए यहां पहुंची थी। आग को भड़कते देख सेना ने दमकल विभाग को भी मदद के लिए सूचना भेजी थी। सूचना पर थानेसर व शाहाबाद से विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची थी। थानेसर स्टेशन के सब फायर ऑफिसर गजे सिंह ने बताया कि करीब एक बजे विभाग को गांव मसाना के जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी।
इसके बाद विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थी। सेना का रिजर्व क्षेत्र होने के नाते अंबाला से सेना की गाड़ियां भी आग बुझाने आई थी, मगर जंगल में जाने का कोई साफ रास्ता नहीं था। इस कारण उनको काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद सेना मोर्चा संभाल लिया था। आग लगने के कारण पता नहीं चल पाया। देर शाम तक सेना के जवान आग बुझाने का कार्य करते रहे।
मसाना के जंगल में लगी आग। संवाद- फोटो : Kurukshetra