संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव कनीपला में विवाहिता की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर उनकी बेटी की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया।
सोमप्रकाश वासी सुहाना थाना मुलाना (अंबाला) ने थाना सदर में दी शिकायत में कहा कि उसने अपनी बेटी मनजीत की शादी करीब डेढ़ साल पहले कनीपला वासी प्रीतम के बेटे विशाल के साथ की थी। मनजीत के पास छह महीने की एक बेटी है। शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था, मगर ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी मनजीत को दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करते थे।
उसके दामाद विशाल ने शुक्रवार को उसे फोन कर सूचना दी कि मनजीत की तबीयत ज्यादा खराब है। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूचना मिलने पर वह निजी अस्पताल में पहुंचे तो मनजीत की मौत हो चुकी थी। आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने मनजीत कौर को जहर देकर मारा है। मनजीत की मौत की सूचना पाकर उसके रिश्तेदारों थाना सदर में पहुंच गए। उन्होंने पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग रखी।
पुलिस ने मनजीत कौर के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना सदर प्रबंधक मलकीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने सोमप्रकाश की शिकायत पर मनजीत के पति विशाल, ससुर प्रीतम, सास बबली व चाचा सेवा राम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।