सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम के लिए अंक सुधार परीक्षा के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध हो गए हैं। यह परीक्षाएं 7 सितंबर से 22 सितंबर तक होगी। वहीं, डीएलएड प्रवेश वर्ष 2019-21 द्वितीय वर्ष से संबंधित अध्यापकों की बाह्य व आंतरिक प्रायोगिक परीक्षा मूल्यांकन के अंक सभी संस्थानों से ऑनलाइन भरवाने के लिए 24 से 30 सितंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से संबंधित हरियाणा मुक्त विद्यालय सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी में आंशिक अंक सुधार व पूर्ण विषय अंक सुधार श्रेणी परीक्षा सितंबर 2021 के प्रवेश-पत्र बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसमें सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी परीक्षा सितंबर-2021 के लिए एडमिट कार्ड 1 सितंबर 2021 से अपलोड कर दिए गए हैं। जो परीक्षार्थी इस परीक्षा में प्रविष्ठ होंगे वह बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक से पिछले अनुक्रमांक, नाम, माता-पिता का नाम व रजिस्ट्रेशन आईडी डालकर प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। ये परीक्षाएं 7 सितंबर से 22 सितंबर तक संचालित होगी। इसका समय दोपहर 2 बजे से 4.30 बजे तक रहेगा। परीक्षाओं का तिथि पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
वहीं, उन्होंने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा डीएलएड प्रवेश वर्ष 2019-21 द्वितीय वर्ष से संबंधित छात्र-अध्यापकों की बाह्य और आंतरिक प्रायोगिक परीक्षा मूल्यांकन के अंक सभी संस्थानों से ऑनलाइन भरवाने के लिए 24 से 30 सितंबर तक तिथि निर्धारित की है। कोविड-19 के दृष्टिगत यह परीक्षाएं सभी शिक्षण संस्थाओं में ही कराई जानी है। निर्धारित तिथि उपरांत आंतरिक प्रायोगिक मूल्यांकन की अंक सूचियां 500 रुपये प्रति छात्र-अध्यापक या अधिकतम पांच हजार रुपये प्रति संस्थान जुर्माने के साथ स्वीकार की जाएगी।