माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान से सोने के कोके चोरी करने वाले गिरोह की चार महिलाओं को गिरफ्तार कर सोने के 20 कोके बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि महिलाएं ट्रेनों में गैंग बनाकर घूमती थीं और किसी भी रेलवे स्टेशन पर उतर कर वहां के बाजार में ज्वैलर्स की दुकान पर जाकर खरीददारी के बहाने जेवरात चोरी करती थी। चारों महिला आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना रामनगर के मुख्य सिपाही सुरेंद्र कुमार ने बताया कि टीम ने 22 मार्च को लक्ष्मी और राजबाई निवासी रतिया, फतेहाबाद को रामनगर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने दो अन्य महिलाओं के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया। 24 मार्च को उन्हीं के क्षेत्र की रहने वाली महिला भतेरी और सोनी को भी रामनगर से गिरफ्तार किया गया।
दर्शन सिंह वासी प्रेमनगर ने 21 मार्च को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सहगल ज्वैलर्स के नाम से रामनगर में दुकान है। चार अज्ञात महिलाएं दुकान पर आईं और सोने के कोके दिखाने को कहा। इस दौरान उन्होंने एक ट्रे में 10 पत्ते कोके के रखकर पसंद करने के लिए दे दिए। कुछ देर बाद महिलाएं कोके लेने से इनकार कर दुकान से चली गईं। जब उसने कोके के पत्तों की गिनती की तो एक पत्ता कम मिला, जिसमें 20 सोने के कोके थे। जिनकी कीमत करीब 35 हजार रुपये थी। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी भतेरी व राजबाई के खिलाफ पहले भी चोरी का एक मामला 2015 में फतेहाबाद के एक थाने में दर्ज है।