संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/जलमाना। नेशनल हाईवे 709ए पर गांव शेखुपुरा के पास एक कैंटर की मिट्टी से लदी खड़ी ट्राली में टक्कर लगने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों का आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार खड़ी ट्राली के ट्रैक्टर का तेल खत्म हो गया था। ट्रैक्टर का 49 वर्षीय चालक बलदेव वासी गोंदर और उसका सहयोगी ट्रैक्टर में डीजल डाल रहे थे। तभी पीछे से तेज गति से एक शराब से भरा कैंटर आया। कैंटर चालक 35 वर्षीय नवीन वासी चिड़ाना जिला सोनीपत ने सीधी टक्कर ट्राली में मार दी।
इससे कैंटर काफी दूर तक मिट्टी की ट्राली को घसीटते हुए ले गया। इसी दौरान ट्रैक्टर में डीजल डाल रहे बलदेव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कैंटर चालक नवीन, रवि वासी गोंदर व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर चालक नवीन कैंटर में बुरी तरह फंस गया। आसपास के लोगों ने नवीन को कैंटर से निकालकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जबकि घायल रवि व एक अन्य घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जलमाना चौकी प्रभारी गुरजीत सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा।
जीटी रोड पर दो हादसों में दो लोग घायल
करनाल। नेशनल हाईवे-44 पर भी सोमवार को दो सड़क हादसे हुए, इनमें दो लोग घायल हो गए। पहला हादसा नमस्ते चौक के समीप अल सुबह हुआ। सड़क पर एक ट्रक खड़ा था। उसके पीछे से दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे पीछे ट्रक में सवार चालक ट्रक में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उस ट्रक में एक हेल्पर भी सवार था, वह भी घायल हो गया। वहीं दूसरे हादसे में एक कार सवार ने दो कारों को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी, लेकिन कार में पुलिस की वर्दी थी। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। संवाद