संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। विदेश भेजने के नाम पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पटियाला की एकता कॉलोनी निवासी आरोपी राजीव दत्ता को पकड़ा है, जिससे पूछताछ में पता चला कि वह पिछले काफी समय से लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि विदेश भेजने की उनकी एक चेन बनी है। वह लोगों से पैसे और कागजात लेकर दूसरे एजेंट को देता था और वह अन्य एजेंट को सौंप देता है। सभी एजेंट अपना कमीशन काटकर रुपये एवं कागजात अगले एजेंट को दे देते थे। जिसके कारण कई बार अंतिम एजेंट को तय मुताबिक पैसे नही मिल पाते थे तो वह लोगों को बीच में ही किसी अन्य देश में छोड़ देता था।
आरोपी राजीव दत्ता के खिलाफ गांव शेखनपुर निवासी बलविंद्र कौर ने तीन जनवरी को पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि बेटे सुरजीत को अमेरिका भेजने के लिए अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से राजीव दत्ता और उसकी पत्नी प्रीति ठाकुर दत्ता से संपर्क किया था। सुरजीत को अमेरिका भेजने के लिए 32 लाख रुपये में बात तय हो गई और रकम सौंप दी गई। एक वर्ष बीतने के बाद भी आरोपियों ने सुरजीत को अमेरिका नहीं भेजा। दबाव बनाने पर सुरजीत को फरवरी 2022 में सर्बिया भेज दिया और काफी समय तक वहीं रखा। उसके साथ मारपीट की गई। बाद में बेटा किसी तरह भारत लौटा। अब पुलिस आरोपी से सुरजीत का पासपोर्ट, अन्य कागजात एवं रकम को बरामद करेगी।