महिला ने लगाया आरोप
घरौंडा। विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर उसके पति की हत्या करने का आरोप लगा मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। जिला जींद निवासी विवाहिता प्रियंका ने डीएसपी मनोज कुमार को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2016 में गोल्ली निवासी सुरेश कुमार के साथ हुई थी। प्रियंका ने बताया कि उसके जेठ रमेश कुमार व उसकी पत्नी सीमा ने उसके पति के नाम से लाखों रुपए का लोन ले रखा था और पूरी राशि खुद अपने कार्यों में खर्च की।
कुछ समय बाद उसका जेठ रमेश उसके पति सुरेश कुमार के साथ झगड़ा करने लगा। कई बार इस इरादे से सुरेश के साथ मारपीट की कि वह मर जाए और उसके ऊपर लिया लोन समाप्त हो जाए। प्रियंका ने बताया कि इसी के चलते उसके पति के साथ अक्सर वे मारपीट करते थे। जिसके चलते गत मार्च माह में वह अपने पति व अपने बच्चों को लेकर मायके जींद चली गई थी। लेकिन दो दिन के बाद उसका जेठ रमेश कुमार उसके पति सुरेश कुमार व दो बच्चों को गोल्ली ले आया।
गत 12 मई को मेरे जेठ रमेश कुमार उसकी पत्नी सीमा, ननंद आशा व उसके पति दीपक के साथ मिलकर उसके पति को फंदे पर लटका दिया। बाद में उसके पति का पोस्टमार्टम करवा अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन इसकी सूचना मुझे नहीं दी गई। दो दिन बाद ग्रामीणों ने फोन पर मुझे सूचना दी कि उसके पति की मौत हो गई है। जिसके चलते उसने एक शिकायत बल्ला चौकी में दी, लेकिन बल्ला चौकी में जांच अधिकारी ने उनकी सुनवाई नहीं की। विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ पति की हत्या का आरोप लगाया है। डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत लेकर मामले की जांच की जा रही है।