Watershed wall fell in heavy rain
- फोटो : Kaithal
असंध रोड पर स्थित जल घर की दीवार कुछ माह पहले ही बनाई गई थी जो अब फिर गिर भी गई है। लोगों ने बताया कि कुछ माह पहले ही यह दीवार बनाई गई थी। गत दिवस हुई बारिध के कारण यह दीवार फिर गिर गई। वही पशु भी यहां घुसकर नुकसान व पानी खराब करने से पीछे नहीं हटेंगे। वार्ड वासी रामकुमार, सोनू, सिंधा, श्याम सिंह ने बताया कि पहले पूर्व की तरफ से दीवार गिरी और अब धर्मशाला के आगे वाली साइड की दीवार भी गिर गई है। अब गंदा पानी टैंको में जाएगा और वही पानी लोगों को सप्लाई किया जाएगा। इन लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वह संबंधित विभाग को निर्देश देकर इस दीवार बनवाएं।
राजौंद के गांव किच्छाना में पानी निकासी न होने के कारण पानी ओवरफ्लो होकर गलियों व घरों में घुस रहा है। जिससे खफा होकर लोगों ने प्रशासन के प्रति रोष जताया। ग्रामीण सुभाष, बलजीत, गोलू, जोगी राम, महाबीर, कुलबीर, संदीप, दिनेश, बलजीत ने बताया कि गांव में पानी निकासी न होने के कारण पानी उनके घरों व गलियों के सामने भरा हुआ है। जिससे गलियों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। दूसरा पानी निकासी न होने के कारण अब तो पशुओं को बांधने के लिए भी स्थान नहीं बचा है। जिससे उन्हें भारी मुश्किल उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि वह इस बारे में कई बार प्रशासन व पंचायत को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी की निकासी की स्थाई व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को गंदे पानी से कोई परेशानी न उठानी पड़े। संवाद
कलायत में पानी निकासी की समस्या को निपटाने में नगर पालिका प्रशासन बुरी तरह से बेबस नजर आ रहा है। नगर में चारों और भारी मात्रा में बरसाती पानी का जमाव है जो लगातार लोगों के लिए भारी सिरदर्दी का कारण बन रहा है। नगर के अधिकांश सीवरेज ठप पड़े हैं। नाले पूरी तरह से अवरुद्ध है जिसके कारण से लोगों के घरों व दुकानों में पानी लगातार भारी नुकसान का कारण बन रहा है। भारी जलभराव के कारण से कलायत में बन रहे पार्क की दीवारें गिरने के कगार पर पहुंच गई हैं। राजकीय महिला कालेज से बस स्टैंड तक बन रही सड़क के टोवाल का एक हिस्सा पानी के जमावड़े के कारण से टूट कर बह गया। पार्क बना रहे ठेकेदार सुनील सागवान ने बताया कि पार्क का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। जिस जगह पार्क बनाया जा रहा है। पार्क के दोनो ओर पानी जमा हो जाने से पार्क की नवनिर्मित दीवारें गिरने की कगार पर पहुंच गई। अभी तक पार्क का न तो निर्माण कार्य पूरा हुआ तथा न ही ठेकेदार को पेमेंट हुई है। ऐसे में यदि पार्क की दीवारें गिर जाती हैं तो उसके लिए जिम्मेवार कौन होगा। इसी तरह से महिला कालेज से बस स्टैंड को जोडऩे वाली सड़क का निर्माण कार्य जारी है। सड़क बनाने के लिए दोनों और टो वाल पूरी तरह से बन चुकी हैं। बनने वाली सड़क के दोनों और भारी मात्रा में जमा हुए पानी के कारण से टोवाल का एक बड़ा हिस्सा टूट कर पानी में बह गया। लोगों का कहना है कि पानी निकासी को लेकर नगरपालिका प्रशासन पूरी तरह से पंगु बना है। लोगों का सवाल है कि समय रहते निकासी के प्रबंध नपा प्रशासन द्वारा क्यों नहीं किए गए।