कैथल। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जी कागजात के आधार पर लोन लेने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आर्थिक अपराध शाखा के एएसआई कुलबीर सिंह की टीम ने आरोपी करनाल के गांव बुड़नपुर निवासी रेशम, हरसोला निवासी पकंज व तत्कालीन समय सेंट्रल बैंक के मैनेजर रहे तेज सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया टिंबर मार्केट कैथल के ब्रांच मैनेजर नरेश कुमार बेरवाल ने शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें उसने बताया था कि प्योदा निवासी सुभाष ने धोखाधड़ी से बैंक कर्मचारियों व अन्य व्यक्तियों के साथ मिल कर साठगांठ कर गांव प्योदा की जमीन के फर्जी कागजात तैयार किए। फिर लोन कराया था।
मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा ने की। इसमें आरोपी प्योदा निवासी सुभाष को गिरफ्तार करके पूछताछ की। आरोपी सुभाष ने आरोपी रेशम, पकंज व तेज सिंह के साथ षड्यंत्र कर धोखाधड़ी से लोन करवाना कुबूल किया। इसके बाद पुलिस ने पता लगाया कि तीनों आरोपी रेशम, पकंज व तेज सिंह पहले ही धोखाधड़ी के मामले में जिला जेल में बंद हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए माननीय न्यायालय से प्रोडेक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। शनिवार को तीनों आरोपी प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गहन पूछताछ व कागजी कार्रवाई उपरांत न्यायालय में पेश किए गए। जहां से तीनों आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए।