जिलेवासी जल्द ही कटरा, शिमला, जयपुर और हरिद्वार तक नई बसों में सफर कर सकेंगे। जिले के रोडवेज बेड़े में 35 नई बसें शामिल होने जा रही हैं। सितंबर माह के अंत तक ये बसें डिपो में शामिल होंगी। कर्मचारी बस संचालन की तैयारी कर रहे हैं। इन बसों को किस रूट पर चलाया इसको लेकर योजना बनाई जा रही है। बसों के मिल जाने के बाद कई ग्रामीण रूटों पर भी बस सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है।
लंबे समय से बसों की कमी के कारण यात्री सहित रोडवेज विभाग के कर्मचारी भी परेशान थे। जिले में इस समय 200 बसों की जरूरत के मुकाबले 130 बसें हैं। जिस कारण कई रूटों पर बस सेवा बंद पड़ी हुई है। अब यह परेशानी दूर होने की उम्मीद जगी है। पूरे प्रदेश में 800 नई बसों में से जिले को 35 बसें अलॉट होंगी। बसों की कमी से लगभग दो सालों से बंद पड़ी शिमला, जयपुर, कटरा व हरिद्वार के लिए बस सेवा जल्द बहाल होगी। नई बसें मिल जाने के बाद इन रूटों पर बस सेवा शुरू की जाएगी। इससे जिला वासी नई बसों में शिमला तक का सफर तय कर सकेंगे। इसके अलावा ग्रामीण रूटों पूंडरी से बाकल, कैथल से बालू, कैथल से उचाना, कैथल से पिल्लूखेड़ा, कैथल से धनौरी, पाई से नरवाना, कैथल से सौंगरी, कैथल से करोड़ा सहित कई रूटों पर बस सेवा सुचारु रूप से चलेगी।
कैथल डिपो को 35 नई बसें मिलने की सूचना मिली है। जो जल्द ही डिपो में शामिल होंगी। जो रूट लंबे समय से बसों की कमी के कारण बंद हैं, उन पर बसों का संचालन किया जाएगा। जिसमें लंबे व स्थानीय रूट शामिल हैं।-अजय गर्ग, महाप्रबंधक