कैथल। सुपर 100 की परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए करीब 400 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। मंगलवार को आवेदन की अंतिम तिथि थी। परीक्षा चार जून को होनी है और इसमें पास होने वाले विद्यार्थियों को आईआईटी व नीट की मुफ्त कोचिंग का मौका मिलेगा।
गौरतलब है कि सुपर 100 की इस परीक्षा में वे विद्यार्थी हिस्सा ले सकते थे, जिन्होंने बीते शिक्षा सत्र में बोर्ड की 10वीं की परीक्षा दी है। साथ ही कक्षा नौंवीं में सरकारी स्कूल में पढ़ते हुए कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसके बाद 11वीं कक्षा में मेडिकल या नॉन मेडिकल संकाय में दाखिला ले रखा है। जिले में चार जून को प्रथम स्तर की परीक्षा होगी। इसके बाद उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कोचिंग के लिए रेवाड़ी, पंचकूला, करनाल या हिसार के केंद्रों में दो साल के लिए कोचिंग दी जाएगी। कोचिंग के साथ रहने व खाने-पीने का सारा खर्च सरकार वहन करेगी। इस दौरान विद्यार्थी 12वीं कक्षा भी साथ में पास कर लेगा।
चार जून को होने वाली परीक्षा के बाद 20 जून को प्रथम स्तर का परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। उसके बाद 24 जून से आठ जुलाई तक द्वितीय स्तर की तैयारी होगी। 10 जुलाई को द्वितीय स्तर का परीक्षा परिणाम आएगा। बाद में 15 जुलाई से चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
योजना को देखते हुए परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग ने हजारों परीक्षार्थियों के आवेदन का अनुमान लगाया था लेकिन ज्यादातर विद्यार्थियों ने रुचि नहीं दिखाई। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब विभाग ने जिला स्तरीय लेवल-1 की परीक्षा के लिए तैयारी शुरू कर दी है। उधर, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही ने कहा कि विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार ही परीक्षा करवाई जाएगी। आवेदकों को जल्द ही परीक्षा केंद्र बता दिए जाएंगे।