जींद। झांझ गांव में एक निजी टेलीकॉम कंपनी के टावर पर काम कर लौटते समय सोलो कालोनी निवासी युवक अमित (24) की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना शनिवार की शाम चीनी मिल के गेट के पास र्हुई। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया।
पुलिस के अनुसार अमित चीनी मिल के पास दिल्ली-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग को पार कर रहा था। इसी दौरान जींद की तरफ से जा रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। अमित अपने नाना के पास सोलो कॉलोनी में रहता था। सदर थाना पुलिस को दिए बयान में अमित के जीजा लोको कालोनी निवासी पवन ने बताया कि अमित निजी टेलीकॉम कंपनी में काम करता था। वह शनिवार दोपहर को झांझ कला गांव में टावर पर काम करने गया हुआ था। जब वह काम निपटाकर जींद नरवाना हाईवे पर गांव लौटने के लिए चीनी मिल के गेट के सामने पहुंचा तो तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दिया। इसमें अमित गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों तथा पुलिस ने घायल को शहर के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया गया है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बस की टक्कर से बाइक चालक की जान गई
संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। भंभेवा के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार सोनीपत जिले के गांव पिनाना निवासी अमन (25) की मौत हो गई। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव ईशापुर खेड़ी निवासी धर्मबीर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी बुआ का पौत्र गांव पिनाना निवासी अमन बाइक पर सवार होकर जींद की तरफ जा रहा था। वह खुद भी बाइक पर उसके पीछे-पीछे जा रहा था। जब अमन भंभेवा गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक रोडवेज बस ने अमन की बाइक में टक्कर मार दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नागरिक अस्पताल जींद में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिल्लूखेड़ा पुलिस ने धर्मबीर की शिकायत पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।