जींद। एक व्यक्ति के पास कॉल कर मोबाइल की केवाईसी अपडेट करवाने का झांसा देकर मोबाइल फोन हैक कर 1.32 लाख रुपये निकालने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर के अर्बन इस्टेट निवासी अनूप कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 नवंबर 2021 को उसके मोबाइल फोन पर मेसेज आया। इसमें एक मोबाइल नंबर से केवाईसी अपडेट करने के लिए कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया। 20 नवंबर को उसका फोन बंद हो गया। इसके बाद उसने कस्टमर केयर वाले नंबर पर संपर्क किया। उसके तुरंत बाद ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और उसके अलग-अलग बैंक खातों से 132445 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। उन्होंने तुरंत संबंधित बैंक में जाकर खाते ब्लॉक करवाए और मामले की शिकायत साइबर सैल को दी गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी कर खाते से 132445 रुपये निकालने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।