जुलाना। कस्बे के लोगों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें नीर (पानी) के लिए पीड़ा (पीर) सहन नहीं करना पड़ेगा। जल्द ही पेयजल की किल्लत दूर होगी और लोगों को रोजाना स्वच्छ पेयजल पीने को मिल सकेगा। विभाग ने अमृत योजना के तहत मुख्यालय को 48 करोड़ रुपये का मसौदा भेजा है। इससे पूरे कस्बे में 15 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी और तीन बूस्टर भी बनाए जाएंगे। जुलाना कस्बे में एक बूस्टर लाइन पार, एक बूस्टर दुर्गा मंदिर के पास और तीसरा राजकीय काॅलेज के पास बनाया जाएगा। मसौदे में पुरानी सीमेंट के पाइप की जगह लोहे की पाइप लगाने का भी प्रावधान किया गया है। विभाग द्वारा चार मिलियन लीटर की क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया जाएगा।
कई वार्डों में पाइप लाइन लीकेज की समस्या
जुलाना कस्बे में पेयजल की किल्लत से लोगों को रोजाना जूझना पड़ रहा था। कस्बे के कई वार्डों में पाइप लाइन लीकेज की समस्या से होकर लोगों और विभाग के कर्मचारियों को भी काफी किल्लत से होकर गुजरना पड़ रहा है, लेकिन जल्द ही कस्बे के लोगों को पेयजल की किल्लत से निजात मिलने वाली है। अमृत योजना के तहत नई पाइप लाइन बिछाने से कस्बे के लोगों को पेयजल किल्लत से छुटकारा मिल सकेगा और हर दिन स्वच्छ पेयजल मिल सकेगा।
कोट
अमृत योजना के तहत मसौदा बनाकर विभाग को भेजा गया है। जैसे ही मुख्यालय से स्वीकृति मिलेगी टेंडर लगाकर काम को जल्द से जल्द किया जाएगा। कस्बे के लोगों को पेयजल किल्लत से छुटकारा मिलेगा।
-प्रतीक कुंडू, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग जुलाना।