जींद। कौशिक नगर स्थित प्लाइवुड गोदाम से लाखों रुपये का सामान चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों से पुलिस ने काफी सामान बरामद किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया था। दोनों को पुलिस ने रिमांड के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इनमें से एक आरोपी इसी प्लाइवुड गोदाम मालिक की दुकान में मुनीम का काम करता था।
शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि 20 फरवरी को अर्बन इस्टेट निवासी प्रशांत कुमार की शिकायत पर उसके कौशिक नगर स्थित प्लाइवुड गोदाम से चोरी होने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। प्रशांत कुमार ने पुलिस को बताया था कि राजनगर निवासी विकास उसकी दुकान पर काम करता था, उसे शक है कि चोरी में उसका हाथ है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए विकास को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जैन नगर निवासी मनीष व हैबतपुर गांव निवासी अशोक को काबू किया। अशोक रिक्शा चलाता है। उसने अपनी रिक्शा से सामान कई जगह ले जाकर बेच दिया और कुछ हैबतपुर में बने अपने मकान में छिपा दिया। पुलिस ने इसके बाद विकास व मनीष को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। रिमांड के दौरान पुलिस ने मनीष के कब्जे से 15 हजार रुपये, फेविकोल की 20 लीटर की बाल्टी, काफी मात्रा में प्लाई व एल्युमीनियम की सीढ़ी बरामद की। इसके अलावा अशोक से पुलिस ने 61 प्लाई बोर्ड, चार फेविकोल की बाल्टी व 25 हजार रुपये नकद बरामद किए। उसके हैबतपुर गांव स्थित मकान से भी 15 प्लाई बोर्ड, 15 फेविकोल की बाल्टी व रिक्शा बरामद किया। दिनेश कुमार ने कहा कि रिमांड के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।