रेल रोको अभियान के लिए किसानों के साथ रणनीति बनाते आजाद पालवां। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। संयुक्त किसान मोर्चा 18 अक्तूबर को देशभर में रेल रोको अभियान चलाएगा। सोमवार को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक किसान पटरियों पर बैठकर रेल रोकेंगे। हालांकि जीआरपी ने यात्रियों को परेशानी नहीं हो, इसको देखते हुए रेल चलाने का निर्णय लिया है।
स्टेशन मास्टर जयप्रकाश ने बताया कि सोमवार को रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी, ताकि दूर दराज के यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। अगर कोई संगठन रेल रोकने का प्रयास करेगा तो उस पर जीआरपी व जिला पुलिस कार्रवाई करेगी। कानून व्यवस्था को बनाना पुलिस का काम है।
वहीं भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल पोकरी खेड़ी ने बताया संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा जिले के बरसोला, उचाना, नरवाना, जींद व जुलाना में सोमवार को किसान रेल पटरियों पर धरना देंगे। उन्होंने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। अगर प्रशासन ने उनके आंदोलन को रोकने का प्रयास किया तो वह इससे निपटने के लिए भी तैयार हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा सदस्य एवं भाकियू जिला अध्यक्ष आजाद पालवां ने कहा कि पूरे देश में रेलवे ट्रैक सुबह 10 बजे बजे से लेकर शाम 4 बजे तक बंद रखे जाएंगे। किसान, मजदूर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर रेल लाइनों पर बैठेंगे। इसको लेकर हलके के विभिन्न गांवों के दौरे भी किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक भागीदारी रेलवे ट्रैक बंद के दौरान सुनिश्चित हो।