गोहाना रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर लगा एक दिवसीय हड़ताल का पोस्टर।
- फोटो : Jind
जींद। पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन सोमवार सुबह छह बजे से 24 घंटे के लिए हड़ताल करेगा। इसके लिए एसोसिएशन ने अपनी रणनीति बना ली है। वहीं, पेट्रोल पंप एसोसिएशन की हड़ताल को देखते हुए शहर के पेट्रोल पंपों पर शाम को वाहनों की भीड़ देखी गई।
बता दें कि एसोसिएशन ने नकली डीजल की बिक्री बंद करने, कमीशन बढ़ाने व बकाया कमीशन के भुगतान की मांग की है। एसोसिएशन के प्रधान तेलुराम ने कहा कि सोमवार सुबह छह बजे से जिले के सभी 150 पेट्रोल पंप के संचालक हड़ताल पर रहेंगे। किसी भी वाहन में तेल नहीं डाला जाएगा। एसोसिएशन न तो कोई प्रदर्शन करेगी और न ही कोई ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह हड़ताल राज्य स्तर पर होगी। पहले केवल 24 घंटे की हड़ताल रखी जाएगी। उसके बाद पेट्रोल पंप खोले जाएंगे। बाद में एसोसिएशन की बैठक करके मांगें पूरी नहीं हुई तो भविष्य के आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। पेट्रोल पंपों की हड़ताल को देखते हुए वाहन चालकों ने रविवार शाम को ही अपने वाहनों में तेल भरवाना शुरू कर दिया। शाम को पेट्रोल पंपों पर वाहनों की भीड़ देखी गई। लोगों को आशंका है कि पेट्रोल पंपों की हड़ताल कई दिन तक चल सकती है, लेकिन एसोसिएशन ने यह साफ किया है कि 24 घंटे की हड़ताल के बाद पेट्रोल पंप खोले जाएंगे। बाद में रणनीति बनाकर आंदोलन किया जाएगा।