टोल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपते कमेटी के सदस्य। विज्ञप्ति
- फोटो : Jind
उचाना। कृषि कानून रद्द होने की मांग पूरी होने पर संयुक्त किसान मोर्चा ने किसान आंदोलन स्थगित कर दिया है। वीरवार से खटकड़ टोल से आने-जाने वाले वाहनों को टोल टैक्स देकर जाना पड़ेगा।
किसान आंदोलन के चलते करीब एक साल से टोल बंद होने के चलते वाहन चालक बिना टोल दिए आ-जा रहे थे। 14 दिसंबर को खटकड़ टोल पर चल रहा किसानों का धरना समाप्त हो चुका है। खटकड़ टोल पर धरना दे रहे किसानों ने भी अपने धरने का सामान समेट कर इसको टोल एजेंसी के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी सोमबीर ढाका भी इस दौरान मौजूद रहे। यहां टोल धरना कमेटी के 40 सदस्यों की पहले बैठक हुई। टोल धरना कमेटी प्रधान सतबीर पहलवान बरसोला, कैप्टन भूपेंद्र व कैप्टन रणधीर चहल ने कहा कि कृषि कानूनों को रद्द करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान व मजदूर ने बीते साल नवंबर माह में आंदोलन शुरू किया था। संयुक्त किसान मोर्चा के निर्देशानुसार टोल को वाहनों के आने-जाने के लिए जब तक आंदोलन चला, फ्री करवाया गया। वीरवार को प्रशासन की तरफ से आए थाना प्रभारी सोमबीर ढाका की मौजूदगी में जैसे टोल आंदोलन की शुरुआत में लिया था, वैसे वापस सौंप दिया है। अब टोल कंपनी कभी भी टोल लेने की शुरुआत कर सकती है। यहां से सारा सामान हटा लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हमें आश्वासन दिया है कि जो भी मांगें संयुक्त मोर्चा की तरफ से रखी गई थी, उन्हें माना गया है। तीनों कृषि कानून केंद्र सरकार द्वारा थोपे गए थे, जो रद्द हो चुके हैं। जो किसान की मांग थी एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने की, सरकार वह पूरी करे। आंदोलन में 700 से अधिक किसान मौत का ग्रास बने हैं, उनके परिवारों को भी आर्थिक मदद देने के साथ सभी मांगों को पूरा किया जाए। जो एमसकेएम ने पांच सदस्यों की कमेटी बनाई है, वह निरंतर इसको लेकर समीक्षा करेगी।
थाना प्रभारी को करवाया टोल का मुआयना
टोल कमेटी सदस्यों ने थाना प्रभारी सोमबीर ढाका को टोल का मुआयना करवाते हुए सही हालात में टोल को उनकी मौजूदगी में टोल एजेंसी को सौंप दिया। यहां पर जो सामान टोल के रास्ते में था उनको समेट कर गाड़ियों में ले गए।
आज से शुरू हो जाएगा टोल
टोल प्लाजा खटकड़ के सहायक मैनेजर रोबिन सिंह ने कहा कि वीरवार से टोल लेना शुरू हो जाएगा। अभी तक दरों को बढ़ाने के कोई निर्देश नहीं हैं। भविष्य में दोनों तरफ की यात्रा करने पर 10 रुपये के आस-पास बढ़ाए जा सकते हैं। टोल सुरक्षित हालात में मिला है। कोई नुकसान टोल को नहीं हुआ है।