जींद। मिनी बाईपास व रोहतक रोड धंसने के मामले में विधानसभा की सब्जेक्ट कमेटी ने अपना फैसला दे दिया है। कमेटी ने जांच के दौरान नगर परिषद व जनस्वास्थ्य विभाग को दोषी माना है। ऐसे में अब अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि इस मामले में दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार उनसे रिकवरी की जाए। दो महीने में यह प्रक्रिया की जानी है।
इसके अलावा मिनी बाईपास के दूसरी तरफ की सड़क व सफीदों रोड की भी जांच होगी। इसके लिए जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा की मौजूदगी में सड़क के सैंपल लेने के आदेश सब्जेक्ट कमेटी ने दिए हैं।
गौरतलब है कि नगर परिषद द्वारा शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन दबाई जा रही है। इसके तहत ही रोहतक रोड व मिनी बाईपास पर भी पाइपलाइन डाली गई। इसके बाद जून महीने में सड़क का निर्माण कर दिया गया। वहीं जुलाई महीने में हुई बारिश में दोनों ही सड़क धंस गई। इससे रोहतक रोड धंस गई और इसके चलते सड़क को यातायात के लिए भी बंद करना पड़ा। इस मामले में पलवल के विधायक दीपक मंगला की अध्यक्षता वाली सब्जेक्ट कमेटी ने अगस्त महीने में शहर के सभी विकास कार्यों की जांच की थी। इसके बाद से इस मामले पर सुनवाई चल रही थी। अब इसमें फैसला आ गया है।
डीसी की रिपोर्ट के आधार पर हुआ फैसला
इस मामले में सब्जेक्ट कमेटी ने जींद के डीसी को जांच के आदेश दिए थे। यह जांच डीसी द्वारा एडीसी से करवाई गई। ऐसे में पिछली मीटिंग में सब्जेक्ट कमेटी ने इस पर आपत्ति जताते हुए खुद डीसी को जांच कर रिपोर्ट लेकर प्रस्तुत होने के आदेश दिए थे। बुधवार को चंडीगढ़ में हुई मीटिंग में जींद के डीसी नरेश कुमार ने रिपोर्ट दी। इसके आधार पर ही कमेटी ने अपना फैसला सुनाया है।
पांच महीने में पांच मीटिंग, अब आठ अधिकारियों पर गिर सकती है गाज
सब्जेक्ट कमेटी द्वारा अगस्त महीने में जींद का दौरा किया गया था। इसके बाद पांच महीने में पांच मीटिंग हुई। अब शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा कहा गया है कि उनके पास एक एक्सईएन, एक जेई व एमई का नाम आया है, जिन्होंने यह काम करवाया है। इनके खिलाफ चार्जशीट तैयार की जाएगी। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मीटिंग में बताया तीन जेई, एक एसडीओ व एक एक्सईएन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
50 लाख रुपये खर्च
सब्जेक्ट कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में सड़क धंसने से हुए नुकसान की भरपाई के भी आदेश दोषी अधिकारियों से करने के दिए हैं। ऐसे में करीब 400 मीटर खराब हुए रोहतक रोड पर 35 लाख रुपये व करीब 300 मीटर खराब हुए मिनी बाईपास पर 15 लाख रुपये खर्च आने की उम्मीद है। ऐसे में यह राशि दोषी अधिकारियों से वसूलने की तैयारी है।
विकास कार्यों में गड़बड़ी नहीं होगी सहन
जींद से भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि विधानसभा की सब्जेक्ट कमेटी ने जनस्वास्थ्य विभाग व नगर परिषद को सड़क धंसने के लिए दोषी माना है। इन पर रिकवरी के भी आदेश दिए हैं। मैंने गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी है और यह साफ संदेश है कि ऐसे लोगों को सहन नहीं किया जाएगा। जींद के लोगों को विकास का वादा किया है, इनमें किसी भी प्रकार की अनियमितता सहन नहीं होगी।