रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर नरवाना के एक व्यक्ति से पांच लाख 40 हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रुपये हड़पने वाले व्यक्ति ने सीआईए स्टाफ नरवाना में मुंशी के पद पर कार्यरत होने की बात कही थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
नरवाना निवासी नरेश कुमार ने शहर थाना नरवाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसने सुरजेवाला भवन की दुकानों में किराना की दुकान बनाई हुई है। उसकी दुकान पर सफीदों रोड जींद निवासी रोहित का सामान लेने के लिए आना-जाना रहता था। इस दौरान रोहित ने बताया कि वह सीआईए स्टाफ नरवाना में मुंशी के पद पर कार्यरत है और उसका मौसा रेल मंत्री का पीए है। अगर किसी को नौकरी दिलवानी हो तो बता देना। इस पर वह उसके झांसे में आ गया और उसके भतीजी व भांजे को नौकरी दिलाने की बात ही। दोनों को नौकरी दिलाने के लिए उसने 11 लाख रुपये की डिमांड की, लेकिन आधी राशि को काम होने की बात कही।
इस पर वह उसके झांसे में आ गया और उसने पांच लाख 40 हजार रुपये की राशि आरोपी रोहित को दे दी। राशि देने के कुछ ही दिनों के बाद उसका मोबाइल बंद आने लगा। जब उसने सीआईए स्टाफ में पता किया तो उसका फर्जीवाड़ा सामने आया। जहां पर बताया गया कि रोहित सीआईए स्टाफ में कार्यरत नहीं है और वह तो फर्जीवाड़ा करता हुआ घूम रहा है। इसके बाद इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सफीदों रोड जींद निवासी रोहित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।