जींद। स्वास्थ्य विभाग में सीनियर मेडिकल ऑफिसर (एसएमओ) की सीधी भर्ती नहीं करने, विशेषज्ञ कैडर बनाने और स्नातकोत्तरी नीति में संशोधन को लेकर सरकारी चिकित्सकों ने शुक्रवार को पूर्ण हड़ताल पर रहने का विचार त्याग दिया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सरकार के बीच देर रात तक चली वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया।
बता दें कि एसोसिएशन के तहत जींद जिले में 88 चिकित्सक कार्यरत हैं। इन्होंने फैसला लिया था कि 14 जनवरी को न तो आपातकालीन सेवाओं में शामिल होंगे और न ही पोस्टमार्टम करेंगे। इसको लेकर नागरिक अस्पताल स्थित ट्रेनिंग सेंटर में हरियाणा सिविल मेडिकल एसोसिएशन की बैठक प्रधान डॉ. देवेंद्र बिंदलिश की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में उपप्रधान डॉ. रघुबीर पूनिया, सचिव डॉ. अरुण, सहसचिव डॉ. राजेश भोला सहित अन्य पदाधिकारी व एसोसिएशन सदस्य मौजूद रहे।
डॉ. देवेंद्र बिंदलिश ने कहा कि 12 दिसंबर को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ बैठक हुई थी। इसमें मांगों को लेकर हुए समझौतों को लागू करने पर सहमति हुई थी। लेकिन आजतक भी लिखित में इन समझौतों को लागू नहीं किया गया है। ऐसे में एसोसिएशन को सख्त निर्णय लेना पड़ रहा है। इसके चलते शुक्रवार को सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में किसी तरह की ओपीडी नहीं की जाएगी। इमरजेंसी सेवाएं व पोस्टमार्टम सहित तमाम सेवाओं को बंद कर दिया जाएगा। लेकिन वीरवार को देर रात एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों और सरकार के बीच मांगों को लेकर वार्ता हुई। जिसमें सरकार ने कई मांग मान ली है। जिसे देखते हुए हड़ताल का निर्णय त्याग दिया गया है।
एसोसिएशन के उपप्रधान डॉ. रघुबीर पूनिया, सचिव डॉ. अरुण व सहसचिव डॉ. राजेश भोला ने कहा कि 12 दिसंबर को स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक के बाद चिकित्सकों ने 13 दिसंबर की प्रस्तावित हड़ताल को टाल दिया था। इसके बाद तुरंत स्वास्थ्य मंत्री ने एसोसिएशन की मांगों को माने जाने का आश्वासन दिया था। लेकिन आज तक भी एसोसिएशन की मांगें पूरी नहीं हुई हैं। इसके चलते 11 जनवरी को प्रदेशभर में चिकित्सकों ने ओपीडी नहीं थी। इस अवसर पर डॉ. नरेश वर्मा, डॉ. संदीप लांबा, डॉ. बिजेंद्र ढांडा, डॉ. दीपक, डॉ. सूरजप्रकाश, डॉ. जितेंद्र, डॉ. संदीप, डॉ. सन्नी, डॉ. भारत, डॉ. सुमित, डॉ. संजय, डॉ. बृजेंद्र, डॉ. चंद्रमणी, डॉ. विशाल, डॉ. संतलाल, डॉ. युद्धवीर सहित अन्य एसोसिएशन सदस्य भी मौजूद रहे।