चांदपुर व खुुडन गांव के बीच रेलवे फाटक के नजदीक एक होटल मालिक को तीन बदमाशों ने गोली मार दी जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में राहगीरों की मदद से उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार खुडन गांव निवासी अभिषेक उर्फ सोनू ने चांदपुर गांव के पास होटल किया हुआ है। जहां से वह बुधवार की शाम को बाइक पर घर जा रहा था। जब वह रेलवे फाटक के निकट पहुंचा तो एक कार में आए तीन युवकों ने उसकी बाइक को रुकवा लिया और उस पर फायर कर दिया। एक गोली मिस हो गई और एक गोली उसके राइट साइड में कंधे के पास जा लगी जिससे वह घायल हो गया। सड़क से गुजर रही एक पिकअप गाड़ी को आते देख युवक कार लेकर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से अभिषेक को सामान्य अस्पताल झज्जर में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मौका मुआयना कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नाकाबंदी भी की लेकिन देर शाम तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - दिलबाग सिंह, निरीक्षक थाना प्रभारी, माछरौली।