झज्जर। उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक कक्षाओं की वरिष्ठता सूची जारी करने के बाद मंगलवार से कॉलेजों में शुल्क व कागजात जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजकीय नेहरू महाविद्यालय की बीएससी, बीकॉम, बीसीए और बीबीए स्नातक कक्षाओं की पहली मेरिट लिस्ट रविवार को देर रात दोबारा जारी की गई थी। उसके बाद से विद्यार्थियों के पंजीकृत मोबाइल व ईमेल पर विभाग की तरफ से संदेश भेज दिए गए हैं।
जिन विद्यार्थियों का नाम पहली वरिष्ठता सूची में आया है, वे विद्यार्थी 18 सितंबर तक फीस भर सकेंगे। फीस डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन भरी जा सकती है। इसके अलावा कॉलेज में कैश देकर ऑफलाइन फीस भरने का विकल्प भी दिया गया है। ऑनलाइन फीस भरने के लिए विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग के प्रवेश पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। विद्यार्थियों को अपने प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी के 2 सेट कॉलेज में जमा करवाने होंगे। इसलिए विद्यार्थी अपने ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म की हार्ड कॉपी, फोटोग्राफ, सभी मूल प्रमाण पत्र और उनकी फोटोकॉपी साथ लेकर आनी होगी।
वर्जन
विद्यार्थियों ने शुल्क जमा कराने के साथ-साथ कागजात जमा करने शुरू कर दिए हैं। ऑनलाइन व ऑफलाइन शुल्क जमा कराया जा रहा है।
- डॉ अमित भारद्वाज, मीडिया प्रभारी, नेहरू कॉलेज, झज्जर।