हिसार। ओलंपिक में हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ियों ने विपरीत परिस्थितियों में कांस्य से लेकर स्पर्ण पदक देश की झोली में डाले। इसका असर यह हुआ कि नई प्रतिभाओं की नर्सरी तेजी से उभरने लगी है। एथलेटिक्स के इवेंट जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं। उन्हें अपना आदर्श मानकर युवा खिलाड़ियों में एथलीट बनने का क्रेज बढ़ गया है। हिसार में नए 65 बच्चों ने एथलेटिक्स का अभ्यास शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका सपना ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने का है।
खेल विभाग की ओर से हिसार में महाबीर स्टेडियम के अलावा विद्युत नगर और राजगढ़ रोड स्थित राजकीय कॉलेज में एथलेटिक्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोच का कहना है कि टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा के पदक जीतने के बाद एथलेटिक्स में रुचि बढ़ने के साथ-साथ खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ी है। उनका कहना है कि अभी नए खिलाड़ियों को एथलेटिक्स के सभी इवेंट में अभ्यास करवाया जा रहा है। दो से तीन महीने बाद फाइनल होगा कि खिलाड़ी की किस इवेंट में रुचि है, खिलाड़ी उक्त गेम खेलने के लिए काबिल है या नहीं। संवाद
किस कोच के पास कितने खिलाड़ी कर रहे अभ्यास
कोच खिलाड़ी
पवन लांबा 20
रामकेश पूनिया 15
रिंकू 30
मैंने एक सप्ताह पहले ही एथलेटिक्स का अभ्यास करना शुरू किया है। मेरा सपना ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का है। इसके लिए मैं अभी से मेहनत करनी शुरू करूंगी। - दक्षित, खिलाड़ी
आठ दिन पहले मैंने एथलेटिक्स खेलना शुरू किया है। एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा ने पदक जीतकर न केवल देश का नाम रोशन किया है, बल्कि हमें भी उनसे प्ररेणा मिली है। - रीतिका, खिलाड़ी
मेरा सपना ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करना है। मेरे साथ काफी बच्चों ने एथलेटिक्स खेलना शुरू किया है। हम खेल में अपना भविष्य बना सकते हैं। - सोहित, खिलाड़ी
ओलंपिक में प्रदेश के खिलाड़ियों की ओर से बेहतर प्रदर्शन और नीरज चोपड़ा के गोल्ड मेडल जीतने के बाद युवा खिलाड़ियों की एथलेटिक्स में काफी रुचि बढ़ी है। पहले मेरे पास 40 खिलाड़ी अभ्यास करते थे। अब खिलाड़ियों की संख्या बढ़कर 70 हो गई है। - रिंकू, कोच, एथलेटिक