हिसार। जिले में वायरल और डेंगू बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को 16 नए मरीजों को डेंगू की पुष्टि हुई, इसके साथ ही जिले में डेंगू का अनचाहा शतक पूरा हुआ। अक्तूबर के 20 दिनों में 94 केस सामने आए, जिनमें से 32 तो दो दिन में मिले हैं। अब तक मलेरिया विभाग की लैब में 922 सैंपल जांच किए जा चुके हैं। जांच में हर 10वां सैंपल पॉजिटिव मिल रहा है।
बुधवार को 120 सैंपल की जांच में डेंगू के 16 नए मरीज मिले। इनमें से अधिकतर मरीज निजी अस्पतालों में उपचार ले रहे हैं। वहीं, आयुर्वेदिक इलाज बुखार का हाई तापमान कम करने व डेंगू को मात देने में कारगर है। एएमओ डॉ. नितिन का कहना है कि आयुर्वेद का काम है कि सबसे पहले वायरल संक्रमण को कंट्रोल करना। मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुर्वेद दवा गिलोय की गोली, पपीते के सुखे हुए बीज से बनी गोली व अन्य दवा दी जाती है। इससे प्लेटलेट्स बढ़ने लगती है। बुखार सामान्य हो तो संजीवनी वटी दी जाती है। अगर बुखार का तापमान अधिक हो तो संजीवनी घनवटी देते हैं। बकरी का दूध भी ठीक है, लेकिन यह छोटे बच्चों के लिए अच्छा है। कैमरी पीएचसी पर रोज वायरल, बुखार से ग्रस्त करीब 70 मरीज आते हैं, जो आयुर्वेद इलाज ले रहे हैं।
वर्ष मरीज
2021 102 अब तक
2020 117
2019 116
2018 282
2017 538
डेंगू में कारगर प्लेटलेट्स की सुविधा नहीं
नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स ब्लड की मांग बढ़ने लगी है। अस्पताल में डेंगू के मरीज दाखिल होने लगे हैं। ब्लड से प्लेटलेट्स निकाली जाती है, जो 300 रुपये में उपलब्ध है। मगर यह प्लेटलेट्स डेंगू में कारगर नहीं, जो एक डोनर से लेकर तैयार की जाती है। इसके लिए विशेष अत्याधुनिक मशीन की आवश्यकता होती है, जो अस्पताल में नहीं है। इस समय शहर मेें इस प्लेटलेट्स की काफी मांग है, जो पूरी भी नहीं हो रही। इस मशीन से डोनर से मौके पर ही ब्लड से प्लेटलेट्स निकाल ली जाती है। इसकी कीमत 11 हजार से अधिक है। वैसे प्लेटलेट्स बनाने में प्रयोग होने वाली किट काफी महंगी है। इस वजह से मरीज निजी अस्पतालों से ही इलाज ले रहे हैं।
अलग-अलग जगह से मिले सभी मरीज
विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार शहर की अलग-अलग जगह से मरीज मिले हैं। न्यू माडल टाउन का 19 साल का युवक, हांसी की रूपल नगर कॉलोनी से 28 का युवक, न्यू महावीर कॉलानी का 21 का साल का युवक, मुल्तानी चौक से 30 साल का युवक, एर्बन एस्टेट का 42 साल का व्यक्ति, सेक्टर 14 का नाबालिग, हांसी से काठमंडी से 18 साल का युवक, भरत नगर का 23 साल की महिला, सादलपुर का नाबालिग, वार्ड नंबर 5 का 35 साल की महिला, हांसी के उमरा गेट का 19 साल का युवक, एचएयू से पुराना कैंपस से 30 साल की महिला व 32 साल का युवक और डी ब्लॉक की 23 की महिला, शिव नगर से 37 साल की महिला, सेक्टर 14 की 56 साल की महिला पॉजिटिव मिली।
बुधवार को डेंगू के 16 मरीज मिले हैं। निजी अस्पतालों को आदेश दिए गए थे, तभी सैंपल आना शुरू हो गए थे। हमारी ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्लॉटों में जमा पानी में तेल या दवा का छिड़काव करें। - डॉ. सुभाष खतरेजा, जिला सर्विलांस व आईडीएसपी प्रभारी, हिसार।
शांति नगर क्षेत्र में चलाया फॉगिंग अभियान
हिसार। जिंदल परिवार की ओर से नगर में जगह-जगह फॉगिंग करवाई जा रही है। पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर डीएन सैनी के नेतृत्व में शांति नगर क्षेत्र में फॉगिंग अभियान चलाया गया। शांति नगर, राजीव नगर, कुंजलाल गार्डन, ब्रह्मज्ञान कुटिया, बख्शी नगर, मनफूल नगर, ठंडी सड़क, पुरानी सब्जी मंडी चौक में फॉगिंग करवाई गई। इस मौके पर अशोक खुराना, विक्रम सैनी, सुनील सैनी, यशपाल शर्मा, रामअवतार, बोदन बेरीवाल, पूर्ण महिपाल मौजूद रहे। संवाद