अग्रोहा, हिसार। गांव श्यामसुख निवासी 25 वर्षीय निजी स्कूल बस चालक ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली है। वह एक छात्रा से संबंध होने के आरोप लगने से आहत था। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में विजेंद्र सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई विक्रम खारा खेड़ी स्थित निजी स्कूल की बस चलाता था। कुछ दिन पहले विक्रम अपने दोस्तों के साथ सालासर धाम गया था, लेकिन तनाव होने के कारण बीच रास्ते से लौट आया। तीन दिन पहले गांव का रमेश व तीन अन्य विक्रम से मिलने उनके घर आए, लेकिन वह ड्यूटी पर जा चुका था। विजेंद्र ने बताया कि जब शाम को विक्रम आया तो घबराया हुआ था। पूछने पर बताया कि रमेश और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की है। मृतक ने जहर निगलने से पहले अपने भाई को बताया कि जिस स्कूल में वह बस चलाता है उसी स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा के पिता ने उस पर छात्रा से संबंध होने के आरोप लगाए हैं। वह भाई को समझाने के लिए चाचा महेंद्र को बुलाने के लिए गया तो विक्रम ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे फतेहाबाद के निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
मानसिक परेशानी के चलते चालक विक्रम ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था, अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई के बयान पर रमेश व तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - रावत सिंह, जांच अधिकारी, अग्रोहा थाना