गैबीपुर-प्रभुवाला मार्ग पर पुरानी नहर के पास उदय नगर में सोमवार शाम मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने कीटनाशक दवा और खाद बनाने की फैक्टरी पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम को फैक्टरी का स्टॉक रजिस्टर व रिकॉर्ड सही नहीं मिला। इस दौरान टीम ने खाद और कीटनाशक दवा के 14 सैंपल भरे। टीम की अगुवाई सीएम फ्लाइंग के इंचार्ज इंद्र सिंह ने की। उनके साथ एसडीओ पवन ढींगड़ा और राजबीर सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि यदि सैंपल फेल आए तो फैक्टरी मालिक के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।
गोदाम से बायो केमिकल बरामद
ढाणी में बने एक और गोदाम में सीएम फ्लाइंग टीम ने काफी मात्रा में बायो केमिकल पाया है। इसके अलावा डीएपी और यूरिया भी मिला है। कंपनी के लैब की हालत खस्ता है। न तो लैब चालू हालत में थी न ही कोई लैब को चलाने वाला डॉक्टर मौके पर मिला। इंस्पेक्टर इंद्र सिंह ने बताया कि आदेश थे कि फैक्टरी की जांच कर दवा और खाद की गुणवत्ता को जांचा जाए। फिलहाल कार्रवाई की जा रही है। कंपनी के मालिक कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्होंने 2019 में निदेशक कृषि विभाग चंडीगढ़ से लाइसेंस लिया हुआ है और 14 प्रोडक्ट बनाए जा रहे हैं, जबकि लाइसेंस 41 प्रोडक्ट बनाने का है।