फतेहाबाद। शहर के धर्मशाला रोड पर डाली गई पानी निकासी पाइप लाइन में गड़बड़ी के आरोपों में फंसे जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। एसडीओ आशीष गर्ग पर गाज गिरी है। आशीष का पंचकूला मुख्यालय में तबादला कर दिया गया है। सोमवार को इस संबंध में लिखित आदेश हुए है। इससे पहले जेई गिरीश से धर्मशाला रोड मामले में शहर का चार्ज लिया जा चुका है। धर्मशाला रोड के दुकानदार और संस्थाएं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ पाइप लाइन बिछाने में गड़बड़ी के आरोप लगा लगा रहे थे। दुकानदारों के विरोध के चलते पहले जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता गौरव कंसल का भी तबादला हो चुका है।
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि तबादला होना रूटीन की प्रक्रिया है। लेकिन माना ये जा रहा है कि गड़बड़ी के आरोपों के बाद जनस्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने तबादला किया है। वीरवार को रोडवेज महाप्रबंधक ने भी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था और दस्तावेज जांचे थे।
नप ने बारिश का पानी निकालने के लिए दिए थे 70 लाख रुपये
नगर परिषद ने 2019 में जनस्वास्थ्य विभाग को धर्मशाला रोड, तुलसीदास चौक, वाल्मिकी चौक, मॉडल टाउन आदि क्षेत्र से बारिश का पानी निकासी के लिए 70 लाख रुपये दिए थे। लेकिन जनस्वास्थ्य विभाग ने पानी निकासी पाइप लाइन की जगह सीवरेज पाइप लाइन डाल दी और पानी का प्रवाह भी प्राकृतिक नहीं रखा। हालात ये हुए कि 2020 और 2021 में बारिश के कारण जलभराव पहले से ज्यादा हो गया। 2020 में पानी में डूबने से युवक की भी मौत हो गई थी।
विपक्ष ने उठाया था मुद्दा
पिछले दिनों बारिश के कारण धर्मशाला रोड पर तीन से चार फीट तक हुए जलभराव के कारण दुकानों और घरों को काफी नुकसान हुआ। इसको लेकर विपक्ष ने भी मुद्दा उठाया था। इसके अलावा धर्मशाला रोड के दुकानदारों ने भी काफी विरोध किया था। दुकानदारों का आरोप था कि जब नप ने बरसाती पानी निकासी के लिए बजट जारी किया था तो उसकी जगह सीवरेज पाइप लाइन क्यों बिछाई गई।
पंचकूला तबादला हो गया है। सोमवार को ही इस संबंध में लिखित आदेश आए हैं। मंगलवार को रिलीव हो जाऊंगा। ये रूटीन की प्रक्रिया है। यहां अब चार्ज किसे दिया जाएगा ये कार्यकारी अभियंता का मामला है।
- आशीष गर्ग, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग